सोमेश्वर में 280 श्रमिक परिवारों को मिली कल्याणकारी किट, रेखा आर्या ने किया वितरण
अल्मोड़ा। सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के दौलाघट स्थित श्री रामलीला मैदान में श्रम विभाग के उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से विशाल किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं श्रम मंत्री रेखा आर्या ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर श्रम विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 280 पंजीकृत पात्र लाभार्थियों को पोषण किट, स्वच्छता किट और शैक्षणिक सामग्री किट वितरित की गई। इनमें महिला श्रमिकों, पुरुष श्रमिकों और बच्चों को योजनाओं का लाभ दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि कड़ी मेहनत और पसीना बहाकर प्रदेश के विकास की मजबूत नींव रखने वाले श्रमिकों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिक परिवारों के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ी है और उनके कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से विवाह सहायता, प्रसूति सहायता, छात्रवृत्ति, कौशल उन्नयन और स्वास्थ्य जैसी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिकों के पंजीकरण की प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाया जाए, ताकि कोई भी पात्र श्रमिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि श्रमिक कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय स्तर पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य किया जाए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिला श्रम अधिकारी आशा पुरोहित, मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख गोपाल खोलिया, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विपिन पाठक, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष हरीश रौतेला सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
