सीएम धामी ने शासकीय आवास पर फहराया तिरंगा, हर घर तिरंगा अभियान को दिया बढ़ावा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने शासकीय आवास मुख्यमंत्री आवास में तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव की भावना का उत्सव है। तिरंगा देश की अस्मिता, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज जन-जन का अभियान बन चुका है। यह अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की वीरभूमि ने देश की रक्षा और सेवा में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। ऐसे में प्रदेश का प्रत्येक परिवार इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा अवश्य फहराएं और राष्ट्रध्वज संहिता का पालन करें। साथ ही परिवार के बच्चों एवं युवाओं को भी तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम के संस्कारों से जोड़ें।
उन्होंने कहा कि सभी प्रदेशवासी मिलकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें और तिरंगे के सम्मान के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को और अधिक सुदृढ़ करने में योगदान दें।
