एनसीएपी के तहत देहरादून के प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों का होगा आधुनिकीकरण

16
0 0
Read Time:3 Minute, 21 Second

देहरादून। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत नगर निगम देहरादून ने शहर के प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों के समग्र सुधार और आधुनिकीकरण का प्रस्ताव तैयार किया है। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे के निर्देशन में तैयार इस योजना का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाना, सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, ट्रैफिक जाम कम करना और वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण करना है।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर के प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों का विकास वैज्ञानिक यातायात प्रबंधन के मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके तथा शहर की वायु गुणवत्ता में भी सुधार हो।

प्रस्ताव के अनुसार चिन्हित ट्रैफिक जंक्शनों पर जंक्शन ज्यामिति में सुधार, फ्री लेफ्ट टर्न, समुचित लेन विकास, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित फुटपाथ एवं जेब्रा क्रॉसिंग, रिफ्यूज आइलैंड, आधुनिक ट्रैफिक साइनेज, थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टिव स्टड, क्रैश बैरियर, सड़क सुरक्षा उपकरण, स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल तथा आवश्यकता अनुसार सीसीटीवी कैमरे और एआई आधारित ट्रैफिक मॉनिटरिंग प्रणाली विकसित की जाएगी।

योजना में ट्रैफिक जंक्शनों के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत हरित पट्टियों का विकास, लैंडस्केपिंग, सजावटी पौधारोपण, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, सार्वजनिक कला (पब्लिक आर्ट) तथा देहरादून की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाले तत्व विकसित किए जाएंगे, जिससे शहर का स्वरूप और अधिक आकर्षक बनाया जा सके।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने कहा कि ट्रैफिक जंक्शनों का वैज्ञानिक आधुनिकीकरण केवल यातायात सुधार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी, यात्रा समय और ईंधन की बचत के साथ वायु प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि एनसीएपी के तहत तैयार यह प्रस्ताव देहरादून को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish