ऊर्जा संरक्षण और डेटा आधारित विद्युत प्रबंधन पर राज्यपाल के समक्ष प्रस्तुतीकरण
देहरादून/नई दिल्ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के समक्ष सोमवार को उत्तराखण्ड निवास, नई दिल्ली में जीएनए एनर्जी (GNA Energy) के प्रबंध निदेशक संजीव कुमार एवं उनकी टीम ने ऊर्जा संरक्षण और डेटा एनालिटिक्स आधारित विद्युत प्रबंधन पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
प्रस्तुतीकरण के दौरान तकनीक और डेटा विश्लेषण के माध्यम से बिजली की बचत, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा ऊर्जा प्रबंधन प्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि डेटा अध्ययन और विश्लेषण के आधार पर विद्युत खपत की सटीक निगरानी और नियंत्रण संभव है, जिससे ऊर्जा दक्षता में उल्लेखनीय सुधार किया जा सकता है।
बैठक में यह भी बताया गया कि डेटा आधारित ऊर्जा प्रबंधन प्रणाली अपनाने से न केवल बिजली की बचत होगी, बल्कि वित्तीय संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होने के साथ बिजली उत्पादन और वितरण व्यवस्था में भी सकारात्मक सुधार आएगा।
राज्यपाल ने कहा कि नवाचार, आधुनिक तकनीक और डेटा आधारित समाधानों को बढ़ावा देकर ऊर्जा क्षेत्र को अधिक सक्षम, पारदर्शी और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की पहलें डेटा एवं प्रौद्योगिकी संप्रभुता को मजबूत करने के साथ-साथ ऊर्जा क्षेत्र में दीर्घकालिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
