समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 176 शिकायतें दर्ज
देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित ‘समाधान दिवस’ में जनता की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर लगाया गया। करीब चार घंटे तक चले इस जनसुनवाई कार्यक्रम में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, अतिक्रमण, घरेलू हिंसा, आर्थिक सहायता और फीस माफी सहित विभिन्न मामलों से जुड़ी 176 शिकायतें दर्ज की गईं।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि गंभीर एवं जांच योग्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों से जुड़े कई संवेदनशील मामले भी सामने आए। जीवनगढ़ निवासी 65 वर्षीय विधवा सावित्री देवी ने बेटे-बहू पर मकान पर कब्जा करने और मारपीट का आरोप लगाया, जिस पर एसडीएम विकासनगर को भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ नागरिक नसीम चंद की शिकायत पर नगर निगम और तहसील प्रशासन को जांच सौंपी गई। वहीं, संजय कॉलोनी निवासी पूजा देवी तथा जोगीवाला की तुलसी देवी और निरंजनपुर की फूलों देवी की शिकायतों पर पुलिस और प्रशासन को तत्काल सहायता एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भूमि विवाद और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण से जुड़े मामलों में भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। केदारपुरम निवासी अनीता गुप्ता द्वारा रजिस्ट्री में धोखाधड़ी की शिकायत पर जांच जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को सौंपी गई। झाझरा और कान्हरवाला में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर बीडीओ और एसडीएम डोईवाला को पैमाइश कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। प्रेमपुर माफी में भूमि खरीदने के बाद कब्जा न मिलने की शिकायत पर भी जांच के आदेश जारी किए गए।
जनहित से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने बैंक द्वारा सीज किए गए भवन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का सामान वापस दिलाने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी को बैंक से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। शीला शेर मोटर मार्ग पर पुल निर्माण में तेजी लाने, वैकल्पिक मार्ग दुरुस्त करने, खनन प्रभावित क्षेत्रों में सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने तथा श्रावण मास के प्रसिद्ध गणियात और दखडान मेलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
समाधान दिवस में सिटी मजिस्ट्रेट राजेश तिवारी, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
