स्वागत है क्रू-9: पृथ्वी ने आपको याद किया,पीएम मोदी ने सुनीता विलियम्स के साथ साझा की तस्वीर

cats272
0 0
Read Time:5 Minute, 47 Second

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और ‘क्रू-9’ के सदस्यों का अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से लंबे समय बाद पृथ्वी पर लौटने पर स्वागत किया और कहा कि उनका अटूट दृढ़ संकल्प लाखों लोगों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘स्वागत है, क्रू9! पृथ्वी ने आपको याद किया।’’ नासा से जुड़े अंतरिक्ष यात्री विलियम्स, निक हेग और बुच विल्मोर तथा रोस्कोस्मोस के अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोरबुनोव बुधवार तड़के स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान पर सवार होकर पृथ्वी पर लौट आए। यह यान समुद्र में फ्लोरिडा के तलाहासे अपतटीय क्षेत्र में उतरा।

मोदी ने कहा, ‘‘यह धैर्य, साहस और असीम मानवीय भावना की परीक्षा थी। सुनीता विलियम्स और ‘क्रू़9’ अंतरिक्ष यात्रियों ने एक बार फिर हमें दिखाया कि दृढ़ता का असली मतलब क्या है। विशाल अज्ञात के सामने उनका अडिग दृढ़ संकल्प हमेशा लाखों लोगों को प्रेरित करेगा।’’ उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष अन्वेषण का मतलब मानवीय क्षमता की सीमाओं को आगे बढ़ाना, सपने देखने का साहस करना और उन सपनों को हकीकत में बदलने का साहस रखना है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘एक पथप्रदर्शक और आदर्श सुनीता विलियम्स ने अपने पूरे करियर में इस भावना का उदाहरण पेश किया है।’’ मोदी ने कहा, ‘‘हमें उन सभी पर गर्व है, जिन्होंने उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए अथक परिश्रम किया। उन्होंने दिखाया है कि जब सटीकता जुनून से मिलती है और प्रौद्योगिकी दृढ़ता से मिलती है, तो क्या होता है।’’ 

महाराष्ट्र विधान परिषद ने सुनीता विलियम्स की वापसी पर बधाई प्रस्ताव पारित किया 

महाराष्ट्र विधान परिषद ने नासा की अंतरिक्षयात्री सुनीता विलियम्स के नौ माह बाद अंतरिक्ष से पृथ्वी पर लौटने पर बुधवार को बधाई प्रस्ताव पारित किया। सदन की पीठासीन अधिकारी चित्रा वाघ ने प्रस्ताव पेश किया और इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। नासा से संबंधित अंतरिक्षयात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर नौ महीने अंतरिक्ष में रहने के बाद भारतीय समयानुसार बुधवार तड़के पृथ्वी पर लौट आए। अंतरिक्षयात्रियों को लेकर ‘स्पेसएक्स’ यान के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से प्रस्थान करने के कुछ ही घंटों बाद इसे फ्लोरिडा पैनहैंडल के तेलाहासे जलक्षेत्र में उतारा गया।

इसरो प्रमुख नारायणन ने सुनीता विलियम्स को दी बधाई 

बेंगलुरु। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष वी नारायणन ने बुधवार को कहा कि अंतरिक्षयात्री सुनीता विलियम्स की सुरक्षित वापसी एक उल्लेखनीय उपलब्धि है और यह नासा, ‘स्पेसएक्स’ तथा अंतरिक्ष अभियान के प्रति अमेरिका की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अंतरिक्ष अभियान में विलियम्स की विशेषज्ञता का उपयोग करने की इच्छा रखता है।

नारायणन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सुनीता विलियम्स आपका स्वागत है। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर एक विस्तारित मिशन के बाद आपकी सुरक्षित वापसी एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। नासा, ‘स्पेसएक्स’ और अंतरिक्ष अभियान को लेकर अमेरिका की प्रतिबद्धता का प्रमाण।’’ उन्होंने कहा कि विलियम्स की दृढ़ता और समर्पण दुनियाभर में अंतरिक्ष के क्षेत्र में रुचि रखने वाले लोगों को प्रेरित करते रहेंगे। नारायणन ने कहा, ‘‘अंतरिक्ष विभाग के सचिव एवं इसरो के अध्यक्ष के तौर पर मैं अपने सहयोगियों की ओर से आपको हार्दिक बधाई देता हूं और आपके अच्छे भविष्य की कामना करता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत को एक विकसित देश बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है, तो ऐसे में हम अंतरिक्ष अभियान में आपकी विशेषज्ञता का उपयोग करने की इच्छा रखते हैं।’’

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %