वरिष्ठ भाजपा नेता किशन कपूर का निधन, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जताया शोक
धर्मशाला: कांगड़ा चंबा के पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता किशन कपूर का शनिवार को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि किशन कपूर ब्रेन हेमरेज के चलते पीजीआई में उपचाराधीन थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। किशन कपूर धर्मशाला के खनियारा गांव के रहने वाले थे। वह तीन बार राज्य सरकार में मंत्री रहे। एक बार लोकसभा सांसद रहे।
बता दें कि किशन कपूर ने 2019 के आम चुनाव में रिकॉर्ड मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। उन्होंने 4.77 लाख मतों के अंतर से जीत हासिल की थी जो पूरे देश में 72.2% के साथ दूसरा सबसे बड़ा मतदान प्रतिशत है। उन्होंने पहले हिमाचल प्रदेश सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री के रूप में कार्य किया। अतीत में, उन्होंने कैबिनेट मंत्री के रूप में तीन कार्यकाल और धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए विधानसभा के सदस्य के रूप में पांच कार्यकाल पूरे किए हैं। वे राज्य के सबसे वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी नेताओं में से एक हैं।
जयराम ठाकुर ने जताया शोक
किशन कपूर के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शोक जताया है। जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, एवं पूर्व मंत्री व सांसद किशन कपूर जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। भाजपा परिवार ने एक बड़े नेता को खोया है, इस क्षति की भरपाई असंभव है। किशन जी ने बतौर मंत्री प्रदेश के विकास एवं जनता के कल्याण हेतु अहम भूमिका निभाई है, उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे तथा शोकग्रस्त परिवारजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे। ऊं शांति!’