मौसम विभाग ने की तीन जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी

देहरादूनः मौसम विभाग ने शुक्रवार को अगले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के 3 जिलों के ऊपरी इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
जानकारी के अनुसार अगले 24 घंटों में उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में 2950 मीटर एवं इससे ऊपर के स्थानों में हिमस्खलन होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और अगले आदेश तक हिमस्खलन-संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। दरअसल, पिछले दिनों उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर बारिश हुई और कुछ ऊपरी इलाकों में ताजा हिमपात भी हुआ, जिससे अधिकारियों को लोगों के लिए एहतियात के तौर पर हिमस्खलन की चेतावनी जारी करनी पड़ी।
वहीं, बारिश और बर्फबारी के बाद राज्य के मौसम में बदलाव देखने को भी मिला है। अचानक मौसम में बदलाव से प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई थी, लेकिन अब मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ हो गया है।