Read Time:1 Minute, 19 Second
देहरादून: पछवादूप में चकराता के अंतर्गत ग्राम पंचायत जोगियों के ग्राम क्वांसी के बिजनाड खड्ड के पास बादल फटा है। बादल फटने के बाद तीन लोग लापता थे, जिनमें से एक व्यक्ति का शव निकाल लिया गया है।
दो लड़कियां अभी भी लापता हैं, जिनकी खोज एवं बचाव कार्य में पुलिस व एसडीआरएफ की टीम जुटी है। गौर हो कि विकासनगर इलाके में दो दिन से लगातार बारिश हो रही थी। गुरूवार सुबह चकराता में बिजनाड खड्ड के पास बादल फट गया।
बादल फटने से दो गौशाला भी ढह गई। गौशाला में बंधी गाय, बकरी के भी दबने की सूचना है। फसलों और कृषि भूमि को भी नुकसान हुआ है। बादल फटने की सूचना पर स्थानीय गांव के आसपास के लोगों ने इसकी सूचना तहसील प्रशासन को दी। घटना के बाद से स्थानीय लोग राहत कार्य में जुटे है। ग्राम प्रधान द्वारा बताया गया है कि घटना में 3 लोग ही प्रभावित हुए हैं।
