उत्तराखंड कैबिनेट के 23 बड़े फैसले: वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा 28 वर्ष, हरिद्वार में पीआरटी कॉरिडोर को मंजूरी
देहरादून। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश के कर्मचारी कल्याण, रोजगार, श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, चिकित्सा शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट ने वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने, चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने, हरिद्वार में पॉड रैपिड ट्रांजिट (पीआरटी) परियोजना और भवन निर्माण नियमों में राहत सहित कई अहम निर्णय लिए।
कैबिनेट के प्रमुख फैसले इस प्रकार हैं—
1. सफाई कर्मचारी आयोग में अतिरिक्त पद: उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने को मंजूरी दी गई।
2. सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन: श्रम विभाग के अंतर्गत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन किया जाएगा।
3. फार्मासिस्ट भर्ती नियमों में संशोधन: कर्मचारी राज्य बीमा योजना के फार्मा संवर्ग के भर्ती नियमों में संशोधन किया गया है। इसके तहत डी.फार्मा के साथ बी.फार्मा योग्यताधारी अभ्यर्थियों को भी भर्ती के लिए पात्रता में शामिल किया जाएगा।
4. चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी: प्रदेश की चीनी मिलों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी। इससे चीनी मिलों को वित्तीय सहायता मिलने के साथ गन्ना किसानों के भुगतान में भी मदद मिलेगी।
5. चिकित्सा शिक्षा नियमावली को मंजूरी: उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विभाग की संशोधित नियमावली को कैबिनेट ने स्वीकृति प्रदान की।
6. पीजी डॉक्टरों के लिए दो साल का सेवा बॉन्ड: राजकीय मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर (पीजी) करने वाले चिकित्सकों के लिए दो वर्ष का अनिवार्य राजकीय सेवा अनुबंध लागू करने का निर्णय लिया गया।
7. एक्स-रे प्राविधिक सेवा नियमावली में संशोधन: उत्तराखंड एक्स-रे प्राविधिक सेवा नियमावली में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
8. ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन की नई व्यवस्था: ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव से संबंधित प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
9. पंचम विधानसभा का सत्रावसान: उत्तराखंड पंचम विधानसभा के सत्रावसान के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिली।
10. सेतु आयोग का ढांचा स्वीकृत: सेतु आयोग के संगठनात्मक ढांचे को मंजूरी देते हुए सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) से संबंधित पदों के सृजन को स्वीकृति प्रदान की गई।
11. आबकारी विभाग में 11 नए पद: आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पदों सहित कुल 11 नए पद सृजित किए जाएंगे।
12. आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय पर मुख्यमंत्री लेंगे निर्णय: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया।
13. जिला खनिज फाउंडेशन न्यास शुल्क में बदलाव: जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर में संशोधन को मंजूरी दी गई। प्रस्ताव के अनुसार शुल्क दर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत की जाएगी। हालांकि, रॉयल्टी की दरों में कोई वृद्धि नहीं होगी।
14. अधीनस्थ राजस्व नियमावली के लिए उपसमिति: उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल की उपसमिति गठित की जाएगी। समिति की सिफारिशों के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।
15. वन आरक्षी भर्ती में आयु सीमा बढ़ी: उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली के तहत वन आरक्षी के पदों पर सीधी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी।
16-17. भवन निर्माण नियमों में राहत: आवास विभाग के प्रस्ताव पर भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों में शिथिलीकरण को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही भवन निर्माण से जुड़े मामलों में प्राधिकरण, शहरी विकास प्राधिकरण (यूडीए) और शासन स्तर पर स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल बनाने का निर्णय लिया गया।
18. भूमि उपयोग परिवर्तन की दरों में कमी: भूमि उपयोग परिवर्तन (लैंड यूज चेंज) की दरों को घटाकर मौजूदा दर के एक चौथाई से भी कम करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इससे भूमि उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया में लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
19. हरिद्वार में 21.08 किलोमीटर लंबा पीआरटी कॉरिडोर: हरिद्वार में तीन पॉड रैपिड ट्रांजिट (पीआरटी) कॉरिडोर विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
20. पीआरटी कॉरिडोर और स्टेशन: सीतापुर से भारत माता मंदिर तक प्रस्तावित रूट की लंबाई 21.08 किलोमीटर बताई गई है। इस मार्ग पर कुल 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं।
21. बापूग्राम की आरक्षित वन भूमि पर सैद्धांतिक सहमति: ऋषिकेश के बापूग्राम की 594.94 एकड़ आरक्षित वन भूमि के मामले में वन भूमि पर बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति बनी। अब राज्य सरकार इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।
22. एनएचआईडीसीएल को निर्माण कार्यों की सूची से बाहर करने का निर्णय: उत्तराखंड में निर्माण कार्य नहीं करने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को निर्माण कार्यों की सूचीबद्धता से बाहर करने का निर्णय लिया गया।
23. महाधिवक्ता कार्यालय की नियमावलियों में संशोधन: उत्तराखंड महाधिवक्ता कार्यालय नियमावली में संशोधन तथा उत्तराखंड महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली को मंजूरी प्रदान की गई।
कैबिनेट के इन निर्णयों को प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने, श्रमिकों और कर्मचारियों के कल्याण, चिकित्सा एवं शिक्षा सेवाओं में सुधार तथा विकास परियोजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से वन आरक्षी भर्ती में आयु सीमा बढ़ाने, भवन निर्माण नियमों में राहत और हरिद्वार में पीआरटी परियोजना को मंजूरी मिलने से रोजगार अभ्यर्थियों, आम नागरिकों और पर्यटन क्षेत्र को लाभ मिलने की उम्मीद है।
