भीमताल झील के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में बड़ी पहल, चार दिवसीय वैज्ञानिक सर्वेक्षण पूरा

2
0 0
Read Time:4 Minute, 21 Second

देहरादून। उत्तराखण्ड की प्रमुख प्राकृतिक झीलों में शामिल नैनीताल जिले की भीमताल झील के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की दिशा में स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA) ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत 20 से 23 नवंबर 2026 तक झील का चार दिवसीय विस्तृत बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण कराया गया। इस वैज्ञानिक सर्वेक्षण के माध्यम से झील की वर्तमान गहराई, जल भंडारण क्षमता और तल पर जमा गाद एवं तलछट की स्थिति का आकलन किया गया है। जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य भीमताल झील की वास्तविक स्थिति का वैज्ञानिक एवं तकनीकी आकलन करना तथा भविष्य में झील के पुनर्जीवन और ड्रेजिंग (गाद निकासी) की संभावनाओं का मूल्यांकन करना है। सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़े झील के संरक्षण और दीर्घकालिक प्रबंधन की योजनाएं तैयार करने में महत्वपूर्ण आधार बनेंगे।

यह सर्वेक्षण रुड़की स्थित सर्वेक्षण एजेंसी मैसर्स जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज के माध्यम से आधुनिक उपकरणों की सहायता से कराया गया। सर्वेक्षण के दौरान मोटर बोट पर स्थापित इकोसाउंडर उपकरण से झील के विभिन्न हिस्सों की गहराई मापी गई। वहीं, झील की परिधि पर डीजीपीएस (डिफरेंशियल ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) उपकरण के माध्यम से सर्वेक्षण बिंदुओं की सटीक भौगोलिक स्थिति और निर्देशांक दर्ज किए गए। सर्वेक्षण में ड्यूल फ्रीक्वेंसी सिंगल बीम इकोसाउंडर तथा मल्टी-कॉन्स्टेलेशन डीजीपीएस/जीएनएसएस सिस्टम का उपयोग किया गया। उपकरणों में आरटीके/सीओआरएस करेक्शन की व्यवस्था के साथ ट्रांसड्यूसर की माउंटिंग डेप्थ, ऑफसेट और जलस्तर का मापन करते हुए आवश्यक डेप्थ करेक्शन भी किया गया। सर्वेक्षण की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए लगभग 10 मीटर के अंतराल पर सर्वे ट्रांसेक्ट निर्धारित किए गए। इसके साथ ही क्रॉस-चेक लाइन और झील की बाउंड्री का भी सर्वेक्षण किया गया।

सर्वेक्षण के आधार पर भीमताल झील का बैथिमेट्रिक कंटूर एवं डेप्थ प्लान, क्रॉस-सेक्शन प्रोफाइल, डिजिटल बेड सरफेस और साउंडिंग डेटा तैयार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त झील के तल पर जमा तलछट की मोटाई और संभावित ड्रेजिंग की मात्रा का भी आकलन किया जाएगा। सर्वेक्षण से प्राप्त तकनीकी आंकड़ों के आधार पर 3डी डिजिटल टेरेन मॉडल (डीटीएम), 10 मीटर सीएडी क्रॉस-सेक्शन, झील की कुल जल भंडारण क्षमता, सिल्ट कैपेसिटी और एरिया-कैपेसिटी कर्व तैयार किए जाएंगे। इन वैज्ञानिक आंकड़ों से झील की मौजूदा जल संग्रहण क्षमता, विभिन्न हिस्सों में जमा तलछट की स्थिति और गाद निकासी की संभावनाओं का स्पष्ट आकलन हो सकेगा। इससे भीमताल झील के संरक्षण, जल भंडारण क्षमता में सुधार और पुनर्जीवन के लिए भविष्य की योजनाओं को तकनीकी आधार पर तैयार करने में मदद मिलेगी।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish