मुख्यमंत्री धामी ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को सौंपे नियुक्ति पत्र
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को शासकीय आवास पर 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बेटियों की सफलता प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी, जो सरकारी सेवाओं में जाने की तैयारी कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके कार्यों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका एवं अधिकारों से जुड़ा होता है। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों का पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निस्तारण करेंगे। उन्होंने कहा कि किसान के लिए उसकी भूमि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। ऐसे में अधिकारियों को प्रत्येक मामले का निस्तारण करते समय संबंधित परिवारों की परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या धैर्यपूर्वक सुनें और आवश्यक दस्तावेजों व निर्धारित प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। आपदा से हुए नुकसान का सही एवं समयबद्ध आकलन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत समय पर उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सभी अधिकारी अपने सेवाकाल में किसी भी प्रकार के दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों, कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। प्रदेश सरकार का मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ है। अधिकारियों को इस मंत्र को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाते हुए सरकारी प्रक्रियाओं को सरल बनाना चाहिए और नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं की मेहनत एवं भविष्य की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को इस सोच के साथ काम करना चाहिए कि राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिक से अधिक लाभ कैसे पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उन लोगों के प्रति अधिकारियों की विशेष जिम्मेदारी है, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक ही होती है।
कार्यक्रम में सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद श्रीमती रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
