देहरादून चिड़ियाघर में बढ़ा आकर्षण, सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण
-कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मिलेगी चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश की सुविधा, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को मिलेगा बढ़ावा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आगमन से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण और बढ़ेगा। साथ ही, यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का एक नया अनुभव प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष लगभग 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड में पहली बार इस प्रकार का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में अन्य प्रजाति के दो बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीवों एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता तथा पारिस्थितिकी तंत्र को करीब से समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था शुरू की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इस पहल से बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जानकारी हासिल करने के साथ ही प्रकृति और पर्यावरण के साथ उनके संबंध को समझने का अवसर मिल रहा है।
कॉलेज विद्यार्थियों को भी मिलेगी मुफ्त एंट्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर घोषणा की कि देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा। इससे युवाओं में प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड भौगोलिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को प्रतिवर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना भी बेहद जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देश के सर्वाधिक वन क्षेत्र वाले प्रमुख राज्यों में शामिल है। राज्य की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता हमारी महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों के संरक्षण के साथ-साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी आवश्यक है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
