जनगणना 2027: 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना, हरिद्वार में 30 हजार नागरिकों की सहभागिता का लक्ष्य

9ac6272852d8b8c641737dd45332a5fd
0 0
Read Time:5 Minute, 45 Second

हरिद्वार: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जनगणना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और जनपद के लिए तय लक्ष्य को तेजी से हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसे सफल बनाने के लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ काम करें।

बैठक में बताया गया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस दौरान नागरिकों को अपने परिवार से संबंधित 40 प्रश्नों के उत्तर स्वयं दर्ज करने होंगे। विशेष बात यह है कि स्वगणना में पूछे जाने वाले यही 40 प्रश्न बाद में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर भी पूछे जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के दौरान स्वगणना की सुविधा का लाभ उठाते हुए जनपद के करीब नौ हजार नागरिकों ने अपनी जानकारी स्वयं दर्ज की थी। इस बार द्वितीय चरण में 30 हजार से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि स्वगणना से नागरिक अपनी सुविधानुसार परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इससे प्रगणकों को घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करने में लगने वाला समय बचेगा। स्वगणना करने वाले परिवारों के मामले में प्रगणकों को मुख्य रूप से दर्ज जानकारी का सत्यापन और पुष्टि करनी होगी। इससे जनगणना की प्रक्रिया अधिक सरल, व्यवस्थित और समयबद्ध बनेगी।

कार्यालयों से लेकर विद्यालयों तक चलेगा जागरूकता अभियान

स्वगणना के निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए जिला प्रशासन व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएगा। कलेक्ट्रेट, सरकारी कार्यालयों, पुलिस थानों, तहसीलों, अस्पतालों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर होर्डिंग और बैनर लगाए जाएंगे। विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रभात फेरियों तथा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

इसके अलावा जिला प्रशासन के आधिकारिक सामाजिक माध्यमों, व्हाट्सएप प्रसारण चौनलों और अन्य डिजिटल माध्यमों से प्रचार संदेश, वीडियो अपील और जागरूकता सामग्री प्रसारित की जाएगी। नगर निगम के ठोस अपशिष्ट संग्रहण वाहनों सहित अन्य नागरिक उपयोगिता वाहनों से ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से भी लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं, सिनेमा घरों में फिल्म प्रदर्शन से पहले जनगणना संबंधी जागरूकता संदेश दिखाए जाएंगे।

नागरिकों से स्वयं गणना करने की अपील

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 16 से 30 नवंबर के बीच स्वगणना अवश्य करें और अपने परिवार, मित्रों तथा पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने अधिकारियों को जागरूकता गतिविधियों में तेजी लाने और 30 हजार से अधिक नागरिकों की सहभागिता का लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से जनगणना की प्रक्रिया को आसान और तेज बनाया जा सकता है।

प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वगणना से जोड़कर जनगणना-2027 को सफल बनाना है।

बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अभिषेक शुक्ला, तहसीलदार सचिन कुमार, उप नगर आयुक्त रुड़की अमरजीत कौर, खंड विकास अधिकारी नारसन पवन सिंह सैनी, खानपुर के आलोक गार्गेय और रुड़की की सुमन कोठियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

You may have missed

en_USEnglish