शिमला : घर से 80 लाख रुपये के गहने और 15 हज़ार की नकदी चोरी
शिमला: शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में एक घर से नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी हुई संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई गई है। चोर घर से 15 हजार रुपये नकद भी ले गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ठियोग के गांव तीर डाकघर मतियाना निवासी मनिंदर सिंह पुत्र स्वर्गीय लायक राम के घर पर चोरी की घटना हुई है। शिकायत में बताया गया है कि वह 17 अक्तूबर की रात अपने दूसरे घर में सोने के लिए गए थे, जो कलग में स्थित है। इस दौरान उनका घर खाली था।
18 अक्तूबर की सुबह मनिंदर सिंह के भाई मदन चौहान ने उन्हें फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी। इसके बाद घर से नकदी और परिवार के सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण चोरी होने का पता चला। चोरी हुई संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य करीब 80 लाख रुपये आंका गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि इस मामले में पुलिस थाना ठियोग में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की आगे की जांच सहायक उपनिरीक्षक विजय कुमार कर रहे हैं। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
