सीएम धामी ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर किया नमन
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महान वैज्ञानिक और भारत के पूर्व राष्ट्रपति ‘भारत रत्न’ डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में डॉ. कलाम का अतुलनीय योगदान और भारत को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाने का उनका संकल्प सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. कलाम का संपूर्ण जीवन कठिन परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपने ज्ञान, समर्पण और दूरदर्शी सोच से देश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार और आदर्श आज भी युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर प्रयास करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए उनके विचारों एवं आदर्शों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
