राज्यपाल गुरमीत सिंह से विश्व हिंदी परिषद के प्रतिनिधिमंडल की भेंट
देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से आज लोक भवन, देहरादून में विश्व हिंदी परिषद के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. बिपिन कुमार एवं राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. श्रवण कुमार ने शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार, संवर्धन एवं वैश्विक विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। राज्यपाल महोदय ने हिंदी को भारतीय संस्कृति, परंपरा और विविधता को जोड़ने वाली सशक्त भाषा बताते हुए हिंदी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने पर बल दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्व हिंदी परिषद द्वारा हिंदी के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार युवाओं को हिंदी से जोड़ने तथा हिंदी को ज्ञान, संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की प्रभावी भाषा के रूप में स्थापित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
इस अवसर पर हिंदी के वैश्विक विस्तार, युवा पीढ़ी की हिंदी के प्रति भागीदारी तथा भारतीय भाषायी एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से संबंधित विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
विश्व हिंदी परिषद ने राज्यपाल के प्रति उनके हिंदी एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया।
