कुंभ मेले की तैयारियों में तकनीक और एआई का होगा अधिकतम उपयोग: राज्यपाल गुरमीत सिंह

2
0 0
Read Time:4 Minute, 55 Second

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से कुंभ मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका और पुलिस महानिरीक्षक डॉ. योगेंद्र रावत ने आज लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को आगामी कुंभ मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।

राज्यपाल ने कुंभ मेले में तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित व्यवस्थाओं, आधुनिक सर्विलांस प्रणाली और प्रभावी भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर अनुभव सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाना चाहिए।

उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं में एनसीसी, विश्वविद्यालयों, पूर्व सैनिकों, स्वयंसेवी संगठनों सहित विभिन्न स्टेकहोल्डर्स की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। राज्यपाल ने स्वच्छता और सैनिटेशन व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कहते हुए कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और राज्य की समग्र प्रतिष्ठा से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। आयोजन की सफलता से प्रदेश को आर्थिक और पर्यटन के क्षेत्र में लाभ मिलने के साथ ही उत्तराखंड की सकारात्मक छवि को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कुंभ मेले की व्यवस्थाओं से जुड़े सभी विभागों और संस्थाओं के बीच निरंतर समन्वय तथा प्रभावी संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चार जिलों और 32 सेक्टरों में बांटा गया कुंभ क्षेत्र
कुंभ मेला अधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ मेला 1 जनवरी से 30 अप्रैल 2027 तक आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान कुल 10 स्नान पर्व होंगे, जिनमें चार अमृत स्नान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कुंभ क्षेत्र को चार जिलों और 32 सेक्टरों में विभाजित कर व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन की कार्ययोजना तैयार की गई है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों, पुलों और सड़कों सहित स्थायी निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है। इसके साथ ही अस्थायी टेंट सिटी और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास का कार्य भी प्रगति पर है। मेले से जुड़े सभी लाइन विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए तैयार हो रहा विस्तृत प्लान
पुलिस महानिरीक्षक कुंभ डॉ. योगेंद्र रावत ने राज्यपाल को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुंभ मेले की सुरक्षा के लिए विस्तृत प्लान तैयार किया जा रहा है। संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मॉक ड्रिल और विभिन्न अभ्यास कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish