नशा तस्करी मामलों में दोहरे मापदंड का आरोप, पूर्व उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने मंत्री जगत सिंह नेगी से मांगी स्पष्टता
रिकांगपिओ (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश वन निगम के पूर्व उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता सूरत नेगी ने कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने नशे (चिट्टा) के मामलों में मंत्री पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए सोलन में हाल ही में पकड़े गए 15.38 ग्राम चिट्टा मामले पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है।
सूरत नेगी ने कहा कि हाल ही में भाजपा से जुड़े एक युवक की करीब 7 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तारी के बाद मंत्री जगत सिंह नेगी ने बिना देर किए इसे भाजपा से जोड़ दिया था। लेकिन अब सोलन में किन्नौर की शुदारंग पंचायत से ताल्लुक रखने वाले दो युवक 15.38 ग्राम चिट्टे के साथ धरे गए हैं, जिनके तार कांग्रेस नेताओं के नजदीकी रिश्तेदारों से जुड़े होने के दावे किए जा रहे हैं। ऐसे में मंत्री जी की खामोशी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने सवाल किया कि क्या मंत्री इस बार भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वही राजनीतिक कसौटी अपनाएंगे जो उन्होंने पहले दिखाई थी?
-किन्नौर में चिट्टे के बढ़ते मामलों पर श्वेत पत्र की मांग
भाजपा नेता ने किन्नौर में नशे के बढ़ते प्रभाव पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में चिट्टे से जुड़े लगभग 25 मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने मांग उठाई कि मंत्री जगत सिंह नेगी विधानसभा में इस विषय पर प्रश्न उठाकर सरकार से पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करवाएं:
-राजनीतिक संरक्षण और दबाव का खेल बंद हो’
सूरत नेगी ने कहा कि जब किसी आरोपी का नाम भाजपा से जुड़ता है तो मंत्री तुरंत बयानबाजी करते हैं, लेकिन कांग्रेस समर्थकों या नेताओं से जुड़े मामलों पर उनकी चुप्पी कई संदेह पैदा करती है। जनता यह जानना चाहती है कि क्या मंत्री यह आश्वासन देंगे कि चिट्टा मामलों में किसी को भी राजनीतिक संरक्षण नहीं दिया जाएगा और न ही किसी निर्दोष को राजनीतिक दबाव में फँसाया जाएगा।
-निष्पक्ष जाँच और सार्वजनिक जवाबदेही की माँग
उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा ने हमेशा चिट्टे को किन्नौर के युवाओं के भविष्य से जुड़ा एक अति-गंभीर मुद्दा माना है और इस लड़ाई में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी को साथ आने का आह्वान किया है। सूरत नेगी ने आरोप लगाया कि इस विषय को दलगत राजनीति की भेंट चढ़ाने की शुरुआत खुद जगत सिंह नेगी ने की थी, इसलिए अब उनसे सवाल पूछना जनता के हित में उनका सामाजिक व राजनीतिक दायित्व है।
सूरत नेगी ने सरकार से सोलन के ताजा मामले समेत किन्नौर से जुड़े सभी नशा तस्करी के मामलों की निष्पक्ष व निष्पक्ष जाँच कराने और मंत्री जगत सिंह नेगी से प्रेस के समक्ष आकर स्थिति स्पष्ट करने की पुरजोर माँग की ।
