खटीमा गोलीकांड की बरसी पर सीएम धामी ने शहीद राज्य आंदोलनकारियों को दी श्रद्धांजलि
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा गोलीकांड की बरसी पर शहीद स्मारक पहुंचकर उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में अपना अमूल्य योगदान देने वाले अमर शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि खटीमा गोलीकांड उत्तराखंड के इतिहास की ऐसी पीड़ादायक घटना है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस घटना ने राज्य निर्माण आंदोलन को नई दिशा देने का काम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के योगदान और उनके त्याग के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार ने राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ प्रदान किया है। इसके साथ ही आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों की पेंशन राशि में भी वृद्धि की गई है।
उन्होंने कहा कि अमर शहीद राज्य आंदोलनकारियों के सपनों और आकांक्षाओं के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और नए उत्तराखंड के निर्माण के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का संकल्प है कि राज्य आंदोलन के मूल उद्देश्यों को साकार करते हुए उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
