सीएम धामी ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर बुनकरों और शिल्पकारों को दी शुभकामनाएं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी बुनकरों एवं शिल्पकारों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को जीवंत बनाए रखने में बुनकरों और शिल्पकारों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और अमूल्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बुनकरों एवं शिल्पकारों के कौशल और परिश्रम को उचित सम्मान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके साथ ही उनके हस्तनिर्मित उत्पादों को नए और व्यापक बाजार उपलब्ध कराने तथा उनकी आजीविका को अधिक सशक्त बनाने की दिशा में विभिन्न योजनाओं और पहलों के माध्यम से लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के बुनकर और शिल्पकार अपनी पारंपरिक कला एवं उत्कृष्ट शिल्प कौशल के माध्यम से उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को देश और दुनिया में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते रहेंगे।
