केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मिले डॉ. धन सिंह रावत, उच्च शिक्षा परियोजनाओं पर हुई चर्चा
देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखंड, विशेषकर श्रीनगर (गढ़वाल) क्षेत्र की उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान डॉ. रावत ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान श्रीनगर (एनआईटी श्रीनगर) के नवनिर्मित भवन का शुभारंभ करने के लिए समय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि भवन के संचालन से विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ शीघ्र मिल सकेगा।
डॉ. रावत ने एनआईटी श्रीनगर में स्थायी निदेशक की शीघ्र नियुक्ति का भी आग्रह किया, ताकि संस्थान का शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संचालन और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाया जा सके। इसके अलावा उन्होंने संस्थान परिसर में जलभराव से प्रभावित छह परिवारों के समुचित विस्थापन एवं पुनर्वास के लिए केंद्र सरकार से आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया।
बैठक में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में HEFA के तहत लगभग 459.095 करोड़ रुपये की लागत से शैक्षणिक एवं अनुसंधान अवसंरचना को सुदृढ़ करने की प्रस्तावित परियोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस परियोजना के माध्यम से विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को नई गति मिलने के साथ विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने सभी विषयों पर सकारात्मक विचार व्यक्त करते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
