समाधान दिवस ने जगाई नई उम्मीद, चार गंभीर बीमार बच्चों को मिलेगा मुफ्त इलाज

4
0 0
Read Time:5 Minute, 33 Second

देहरादून। जिला प्रशासन की संवेदनशीलता के चलते आज ‘समाधान दिवस’ आर्थिक संकट से जूझ रहे कई जरूरतमंद परिवारों के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया। ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित इस जनसुनवाई में चार ऐसे परिवारों की फरियाद सामने आई, जिनके बच्चे सिर में रसौली, किडनी की गंभीर बीमारी और आंतों की जटिल समस्याओं से जूझ रहे हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चैहान के निर्देशों पर त्वरित कदम उठाते हुए, प्रशासन ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत इन चारों बच्चों के संपूर्ण निःशुल्क उपचार का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। अब बिना किसी आर्थिक बोझ के इन मासूमों का इलाज कराया जाएगा।

सोमवार को जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में ‘समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने जमीन विवाद, अवैध कब्जा, खाता-खतौनी, अतिक्रमण, सीमांकन, जाति प्रमाण पत्र और आर्थिक सहायता से जुड़ी कुल 146 शिकायतें व समस्याएं दर्ज कराईं। एडीएम ने तत्परता दिखाते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध और विधिसम्मत कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए। ग्राम पंचायत छरबा में भू-माफियाओं द्वारा सरकारी बंजर भूमि को खुर्द-बुर्द कर बेचने और शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी देने के मामले को प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। इस पर सीओ पुलिस और तहसील प्रशासन को तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

जमनीपुर तापड़ निवासी 84 वर्षीय राज कुमार और खुड़बुड़ा निवासी 65 वर्षीय जसवंत सिंह ने अपने ही बहू-बेटों द्वारा मारपीट कर घर से निकालने और मकान पर कब्जा करने की दर्दनाक दास्तां सुनाई। इस संवेदनशील मामले पर एसडीएम व सीओ पुलिस को तुरंत मामले की जांच कर बुजुर्गों को न्याय दिलाने और समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने विकासखंड कालसी के सहिया में भूमि स्थानांतरण के बावजूद केंद्रीय विद्यालय शुरू न होने का मुद्दा उठाया। इस पर प्रशासन की ओर से बताया गया कि यह मामला वर्तमान में शासन स्तर पर विचाराधीन है। सहस्रधारा मार्ग पर मयूर विहार पुलिस चैकी से कैनाल रोड पेट्रोल पंप तक सड़क पर पैच रिपेयर न होने से जनता को आ रही दिक्कतों पर लोनिवि के अधिशासी अभियंता को तुरंत सड़क ठीक करने की हिदायत दी गई।

वाणी विहार की दीपा मेहरा ने अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए बेटी की स्कूल फीस के लिए मदद मांगी। वहीं, नई बस्ती पार्क रोड के मानसिंह ने पानी का बिल माफ करने और बुजुर्ग सोमदत्त शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने की गुहार लगाई, जिस पर संबंधित विभागों को तुरंत जांच के आदेश दिए गए हैं। समाधान दिवस पर अपर जिलाधिकारी ने बारी बारी से सभी समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है तथा प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों निर्देश दिए किए जितनी भी शिकायतें समाधान दिवस पर प्राप्त हो रही है उनका प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाए।

जनता दरबार में एडीएम प्रशासन स्मृता परमार, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश तिवारी, एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा, एसडीएम अपर्णा ढ़ौडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, तहसीलदार सुरेन्द्र देव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

You may have missed

en_USEnglish