नशा तस्करी में तीन गिरफ्तार, वाहन से लाखों रुपये कैश बरामद

e8a10e1a8c17af484a809c0d8cf74dc7
0 0
Read Time:2 Minute, 46 Second

शिमला, 11 अप्रैल। शिमला ज़िले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। जिला शिमला पुलिस की कुमारसैन थाना टीम ने बीती रात नाकाबंदी के दौरान एक इनोवा गाड़ी से 9 किलो अफीम और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और पूरे नेटवर्क से जुड़े आगे-पीछे के संबंधों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुमारसैन थाना की टीम क्षेत्र में गश्त और नियमित नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक इनोवा गाड़ी (एचआर-38-आर-6525) को जांच के लिए रोका गया। गाड़ी में नेपाल मूल के तीन लोग सवार थे। शक होने पर जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उनके कब्जे से 9.28 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।

तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन से 12 लाख रुपये नकद भी मिले। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस को संदेह है कि यह पैसा मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े किसी लेन-देन का हिस्सा हो सकता है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह नकदी नशा बेचकर कमाई गई थी या किसी बड़ी डील के लिए ले जाई जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय चक्रा बहादुर, 41 वर्षीय एन बहादुर और 44 वर्षीय मोहन साही के रूप में हुई है।

पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 29 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और वाहन के साथ बरामद नकदी को भी कब्जे में ले लिया गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, जिससे इससे जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish